Raipur Fire News: पंडरी सिटी सेंटर मॉल के पास महालक्ष्मी मार्केट की इमारत में लगी भीषण आग, होम डेकोरेशन शॉप का सामान जलकर खाक
चौथे माले पर स्थित दुकान में आग लगने से मचा हड़कंप। दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर मौजूद, आग बुझाने का प्रयास जारी।

Raipur Fire News: राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सिटी सेंटर मॉल के पास स्थित महालक्ष्मी मार्केट की एक बिल्डिंग में रविवार को भीषण आग लग गई। आसमान में काले धुएं का गुबार उठता देख आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।
लाखों के नुकसान की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। पंडरी सिटी सेंटर मॉल के पास स्थित महालक्ष्मी मार्केट की बिल्डिंग के चौथे माले पर एक होम डेकोरेशन की दुकान संचालित है, जिसमें अचानक आग भड़क उठी।
बताया जा रहा है कि आग इतनी भयानक थी कि चौथे माले पर रखा फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस दुर्घटना से दुकान संचालक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।



