छत्तीसगढ़

नारायणपुर में वनमंत्री केदार कश्यप ने वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों और संतजनों से की आत्मीय भेंट, लिया मार्गदर्शन

रामकृष्ण मिशन के स्वामी व्याप्तानंद जी और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित जे.पी. पटेल का किया सम्मान; वरिष्ठजनों के अनुभव को बताया समाज की अमूल्य धरोहर

नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत नारायणपुर नगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों और संतजनों के निवास तथा आश्रम पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। वनमंत्री ने सभी का कुशलक्षेम जाना और समाज के विकास के लिए उनके बहुमूल्य अनुभवों तथा मार्गदर्शन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का संचित ज्ञान और संस्कार हमारे सामाजिक जीवन की एक ऐसी अमूल्य धरोहर हैं, जो नई पीढ़ी को सदैव सही दिशा दिखाने का काम करती हैं।

अभियान की शुरुआत रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव पूज्य स्वामी व्याप्तानंद महाराज से साधु निवास में सौजन्य भेंट के साथ हुई, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक मूल्यों पर सार्थक संवाद हुआ। इसके बाद कश्यप राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ शिक्षाविद् जे.पी. पटेल के घर पहुंचे, जिन्होंने वर्ष 2011 में देहदान का संकल्प लेकर समाज में एक अनूठी मिसाल पेश की थी। वनमंत्री ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षिका उषा वरमानी के घर जाकर शिक्षा जगत में उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना की और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मंत्री केदार कश्यप ने महावीर चौक स्थित प्रतिष्ठित नागरिक वंश गोपाल दुबे और 85 वर्षीय स्वरूप चंद जैन से भी मुलाकात की। उन्होंने योग और अनुशासित जीवनशैली के बल पर स्वस्थ जीवन जी रहे स्वरूप चंद जैन की जमकर प्रशंसा की और इसे पूरे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। इस पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह अभियान शासन और जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की एक बड़ी कड़ी साबित हुआ है।

Related Articles

Back to top button