छत्तीसगढ़

CG News: राजनांदगांव में 43.61 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: डॉ. रमन सिंह व अरुण साव ने किया प्रदेश के सबसे बड़े 2000 सीटर ऑडिटोरियम का भूमिपूजन

15.92 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य ऑडिटोरियम; शहर के 51 वार्डों में बिछेगा सड़कों, पेयजल और विद्युतीकरण का जाल

राजनांदगांव/रायपुर, 11 अगस्त। राजनांदगांव शहर के बुनियादी ढांचे और जन-सुविधाओं को नया विस्तार देते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने कुल 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भव्य भूमिपूजन किया। इस सौगात में सबसे प्रमुख आकर्षण 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाला प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम है। इस अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में 1,000 से अधिक लोगों के लिए बैंक्वेट/भोजन व्यवस्था, विशाल पार्किंग और कॉरिडोर की सुविधा होगी, जिससे यह पूरा परिसर बड़े सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राजनांदगांव के हर वार्ड का संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान 15वें वित्त आयोग, अधोसंरचना मद और मुख्यमंत्री घोषणा के तहत शहर के सभी 51 वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, विद्युतीकरण, मुक्तिधाम उन्नयन और पाइपलाइन विस्तार के कार्यों की आधारशिला रखी गई। वहीं उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव निगम को विकास कार्यों के लिए लगभग 267 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। उन्होंने रानी सागर-बूढ़ा सागर पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपये तथा शहर के प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण की आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने जिले में केंद्र व राज्य सरकार की रेल व अधोसंरचना परियोजनाओं जैसे परमालकसा-खरसिया नई रेल लाइन, अमृत रेलवे स्टेशन योजना और अंडरब्रिज निर्माण कार्यों का उल्लेख किया। महापौर मधुसूदन यादव ने शहर के सर्वांगीण विकास के लिए राशि स्वीकृत करने पर शासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों को 1,000 पौधों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button