PDS News : पीडीएस प्रणाली में पारदर्शिता के लिए राज्य सरकार की बड़ी पहल, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का शुभारंभ
राशन की कतार से मिलेगी मुक्ति, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए 24×7 मिलेगा खाद्यान्न: खाद्य मंत्री दयालदास बघेल; छत्तीसगढ़ बना देश का 5वां राज्य

रायपुर, 8 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, हाईटेक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने शनिवार को राज्य के पहले तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन शुभारंभ किया। इस तकनीक-आधारित नवाचार के साथ ही छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा के बाद देश में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का सफल संचालन करने वाला 5वां राज्य बन गया है।
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (WFP) के सहयोग से स्थापित इस अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की कुल भंडारण क्षमता 2,500 किलोग्राम है। राशनकार्डधारी हितग्राही मशीन की टचस्क्रीन पर अपना राशनकार्ड नंबर या आधार नंबर दर्ज कर बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट) प्रमाणीकरण के जरिए 24×7 घंटे अपनी पात्रता के अनुसार स्वचालित रूप से चावल प्राप्त कर सकेंगे। ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ योजना के तहत दूसरे राज्यों के प्रवासी श्रमिक भी इस एटीएम से राशन ले सकेंगे, जिससे राशन दुकानों में लगने वाली लंबी कतारों और निश्चित समय की बाध्यता से पूर्ण मुक्ति मिलेगी।
शुभारंभ समारोह में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पीडीएस व्यवस्था को पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि नज़ीनो हॉसीमोनी, संचालक डॉ. फरिहा आलम सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इसे राज्य में खाद्य सुरक्षा और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।



