छत्तीसगढ़

Greetings: स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

राज्यपाल बोले— 80वां स्वतंत्रता दिवस महान बलिदानियों के त्याग की दिलाता है याद; युवाओं से की समृद्ध व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी की अपील

रायपुर, 14 अगस्त 2026 : 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन और ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

राज्यपाल ने कहा कि 15 अगस्त का यह गौरवशाली दिन हमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात क्रांतिवीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से भारत को पराधीनता की बेड़ियों से मुक्ति मिली। उन्होंने रेखांकित किया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में भारतीय सेना और सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस व शौर्य का परिचय दिया है।

राष्ट्र के विकास की दिशा में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने आह्वान किया कि सभी नागरिकों के एकजुट और सामूहिक प्रयासों से ही भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विश्व में गौरवशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button