छत्तीसगढ़

Protest News : मेकाहारा के इंटर्न डॉक्टरों का हल्लाबोल, स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टर

रायपुर में मेकाहारा के MBBS इंटर्न डॉक्टरों ने निकाली विशाल बाइक रैली; स्टाइपेंड 30 हजार रुपये करने की मांग, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

रायपुर, 4 अगस्त। राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेकाहारा) के MBBS इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। हड़ताल के पहले दिन सैकड़ों इंटर्न डॉक्टरों ने एकजुट होकर शहर की सड़कों पर विशाल बाइक रैली निकाली और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने से आंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) की ओपीडी और स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ना शुरू हो गया है।

हड़ताल पर बैठे इंटर्न डॉक्टरों की सबसे प्रमुख मांग वर्तमान स्टाइपेंड (मानदेय) में सम्मानजनक वृद्धि करना है। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें जो मानदेय मिल रहा है, वह बढ़ती महंगाई और उनके द्वारा दी जा रही 24-24 घंटे की कठिन सेवाओं की तुलना में बेहद कम है। डॉक्टरों की मांग है कि उनके मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये किया जाए, जो अन्य पड़ोसी राज्यों के समकक्ष हो।

इसके अलावा इंटर्न डॉक्टरों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने की भी मांग रखी है। जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि जब तक राज्य सरकार उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन या ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। इधर, अस्पताल प्रबंधन वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर मरीजों को होने वाली असुविधा से बचाने के प्रयास में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button