छत्तीसगढ़नारायणपुर

Jal Jeevan Mission: नारायणपुर के दूरस्थ ग्राम कचोरा में बदली तस्वीर, जल जीवन Mission से घर-घर पहुंचा शुद्ध पेयजल

अबूझमाड़ के मुहाने पर बसे गाँव में पेयजल के लिए करना पड़ता था कड़ा संघर्ष। सोलर टंकी और पाइपलाइन बिछने से 24 परिवारों को मिली राहत, मनाया गया 'हर घर जल उत्सव'।

Jal Jeevan Mission: छत्तीसगढ़ के सुदूर और दुर्गम अंचलों तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ पहुँचाने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता अब रंग ला रही है। जिला मुख्यालय नारायणपुर से लगभग 55 किलोमीटर दूर, अबूझमाड़ के मुहाने पर स्थित ग्राम पंचायत महोरा के आश्रित गाँव कचोरा में ‘जल जीवन मिशन’ ने ग्रामीणों के दैनिक जीवन में एक नया और खुशहाल अध्याय जोड़ दिया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले के अंतिम छोर पर बसे इस गाँव तक विकास योजनाओं को पूरी शिद्दत के साथ पहुँचाया गया है।

पानी के संघर्ष से घर-घर नल तक का सफर

मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर 24 परिवारों वाले इस गाँव की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण महिलाओं और ग्रामीणों को पेयजल के लिए रोजाना भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। इस पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करते हुए जल जीवन मिशन के तहत गाँव में लगभग 2,084 मीटर लंबी पाइपलाइन का विस्तार किया गया और 10,000 लीटर क्षमता वाली दो सोलर-आधारित पानी की टंकियों का निर्माण किया गया। अब गाँव के शत-प्रतिशत घरों में नल से शुद्ध और सुरक्षित पानी पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीणों के श्रम और समय दोनों की भारी बचत हो रही है।

‘हर घर जल उत्सव’ और जनभागीदारी का संकल्प

योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद गाँव में पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर जल उत्सव’ मनाया गया। इस दौरान आयोजित ग्रामसभा में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने जल स्रोतों के संरक्षण, साफ-सफाई और पानी की एक-एक बूंद सहेजने का सामूहिक संकल्प लिया। योजना के सुचारू संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर पंप ऑपरेटर, रखरखाव और जल गुणवत्ता परीक्षण की जिम्मेदारियां भी ग्रामीणों को सौंपी गई हैं।

Related Articles

Back to top button