Makes History: बैंकॉक में हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास, 20 ग्लोबल यूनिवर्सिटीज के साथ किया महा-समझौता
AUAP-WURI इम्पैक्ट समिट 2026' में कुलपति प्रो. विवेकानन्दन ने पेश किया 'R-HaS' मॉडल; वैश्विक अनुसंधान और फैकल्टी एक्सचेंज को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU), रायपुर ने वैश्विक शैक्षणिक पटल पर राज्य और देश का गौरव बढ़ाते हुए एक बड़ी रणनीतिक उपलब्धि हासिल की है। थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित एक प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान, एचएनएलयू ने वैश्विक विश्वविद्यालय नवाचार एवं सहयोग के लिए एक ऐतिहासिक बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस ऐतिहासिक समझौते पर दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के 20 अग्रणी और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिसे उच्च शिक्षा, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्रों में एक बेहद महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
आईकॉनसियाम में हुआ वैश्विक समागम, गूंजा ‘R-HaS’ मॉडल
यह ऐतिहासिक समझौता 9-10 जुलाई 2026 को बैंकॉक स्थित प्रसिद्ध आईकॉनसियाम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित “AUAP – WURI इम्पैक्ट समिट 2026” के दौरान हुआ। दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान एचएनएलयू का प्रतिनिधित्व करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानन्दन ने विश्वविद्यालय के अभिनव रिसर्च हब एंड स्पोक (R-HaS) मॉडल पर आधारित एक केस स्टडी प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने एचएनएलयू के अंतर्विषयी अनुसंधान तंत्र, बाह्य वित्तपोषित (एक्सटर्नली फंडेड) शोध परियोजनाओं तथा समाज के प्रति जवाबदेह एवं प्रभावकारी अनुसंधान के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को वैश्विक मंच पर रेखांकित किया, जिसकी उपस्थित विशेषज्ञों ने काफी सराहना की।
समझौते के तहत इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में होगा साझा काम
बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत सभी 20 सहभागी संस्थान भविष्य में मिलकर काम करेंगे। इस रणनीतिक साझेदारी के मुख्य उद्देश्य निम्नलिखित हैं:
वैश्विक नवाचार व शोध: आपसी सहयोग से वैश्विक महत्व की नवाचार व शोध परियोजनाओं का संचालन करना।
एक्सचेंज प्रोग्राम: संकाय (फैकल्टी), शोधार्थियों और छात्रों के लिए विनिमय कार्यक्रमों को बढ़ावा देना।
स्टार्टअप को बढ़ावा: नए नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) का विकास करना और स्टार्टअप्स को प्रेरित करना।
अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस: वैश्विक स्तर पर संयुक्त सम्मेलनों, कार्यशालाओं और केस स्टडीज का विकास करना।
क्या हैं AUAP और WURI?
AUAP (एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटीज ऑफ एशिया एंड द पैसिफिक): एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एक बेहद प्रतिष्ठित और पुराना विश्वविद्यालय संगठन है, जो उच्च शिक्षण संस्थानों को शैक्षणिक सहयोग और नेतृत्व विकास के लिए एक साझा मंच प्रदान करता है।
WURI (वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स फॉर इनोवेशन): यह एक ऐसी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली है जो विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन सिर्फ पारंपरिक किताबी मानकों पर नहीं, बल्कि वास्तविक सामाजिक प्रभाव, उद्योग सहयोग और नैतिक नेतृत्व जैसे नवाचारों के आधार पर करती है।



