Mana Basti Raipur News: माना बस्ती के तालाबों को विकसित किया जाएगा पक्षी विहार, प्रवासी पक्षियों को मिलेगा सुरक्षित प्राकृतिक आवास
जनपद CEO आशीष केशरवानी ने किया ग्राम पंचायत का निरीक्षण। पंचायत को कार्ययोजना तैयार करने के दिए कड़े निर्देश।

Mana Basti Raipur News: राजधानी रायपुर से लगे माना बस्ती के तालाबों को अब पक्षी विहार (Bird Sanctuary) के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। यहाँ सर्दियों के मौसम में आने वाले प्रवासी पक्षियों को सुरक्षित और प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तालाबों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जनपद CEO ने किया निरीक्षण और दिए निर्देश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में जनपद पंचायत धरसींवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी ने माना बस्ती का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासकीय विद्यालयों, पंचायत भवन और स्थानीय तालाबों की स्थिति का जायजा लिया। तालाबों के आसपास हरियाली बढ़ाने और पानी की गुणवत्ता को संरक्षित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने पंचायत के अधिकारियों को जल्द से जल्द एक विस्तृत कार्ययोजना (Action Plan) तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।



