छत्तीसगढ़

Raipur News: रायपुर नगर निगम और सीड इंडिया के मध्य हुआ ऐतिहासिक समझौता, जलवायु अनुकूल और सतत शहरी विकास पर होगा काम

MOU For Climate Action: रायपुर हीट एक्शन प्लान, अर्बन हीट आइलैंड शमन और वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए संबित मिश्रा और रमापति कुमार ने किए हस्ताक्षर

Raipur News: राजधानी रायपुर को पर्यावरण-अनुकूल और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। आज नगर पालिक निगम रायपुर और सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड इंडिया) के मध्य जलवायु अनुकूलन, सतत शहरी विकास एवं पर्यावरण प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस दूरगामी साझेदारी का मुख्य उद्देश्य रायपुर शहर के लिए साक्ष्य-आधारित रणनीतियों का विकास करना है। इसके साथ ही ऐसी प्रभावी पहलों को धरातल पर आगे बढ़ाना है, जो शहर की जलवायु अनुकूलन क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ यहाँ के नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक और टिकाऊ सुधार सुनिश्चित कर सकें।

समझौते के अंतर्गत दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से रायपुर हीट एक्शन प्लान के निर्माण, अर्बन हीट आइलैंड के आकलन एवं शमन, वायु गुणवत्ता प्रबंधन, जल संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर केंद्रित होकर काम करेंगी। इसके अतिरिक्त शहरी जैव विविधता संरक्षण, हरित अवसंरचना के विकास, क्षमता निर्माण, अनुसंधान, नीतिगत सहयोग और जन-जागरूकता कार्यक्रमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर साझा प्रयास किए जाएंगे।

एमओयू पर हस्ताक्षर के दौरान दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रायपुर नगर निगम की ओर से नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा व कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा जूनियर तथा सीड इंडिया की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी रमापति कुमार व स्टेट डायरेक्टर तुषार शर्मा उपस्थित थे। यह साझेदारी रायपुर को भविष्य-उन्मुख शहर बनाने और समावेशी विकास को नई गति देने में मददगार साबित होगी।

Related Articles

Back to top button