छत्तीसगढ़

Muskurata Bastar Cartoon Workshop: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रेखांकित करेगी ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला

Bastar Youth Art Workshop: जगदलपुर में स्कूली बच्चों को मिलेगा देश के दिग्गज कार्टूनिस्टों से प्रशिक्षण; बस्तर की संस्कृति और विकास को मिलेगी नई अभिव्यक्ति

जगदलपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर आधारित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का बारीकी से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को कला के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्ति देना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर आज विकास, शांति, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम गढ़ रहा है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और यहाँ की जनजातीय संस्कृति बस्तर की धरोहर हैं। ‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला का उद्देश्य बस्तर के इन्हीं सकारात्मक पहलुओं को नई पीढ़ी के माध्यम से कैनवास पर उतारना है।

कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे लाइव डेमो देकर विद्यार्थियों को ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाना सिखाएंगे। इसके साथ ही छात्रों को कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और भविष्य में इसके रोजगारपरक अवसरों के बारे में भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस आयोजन के जरिए स्थानीय युवा प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच मिलेगा, जिससे बस्तर की सकारात्मक और मुस्कुराती तस्वीर देशभर तक पहुंचेगी। ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, प्राकृतिक धरोहर और लोक परंपराओं से जोड़ने का एक अनूठा और सराहनीय प्रयास है।

Related Articles

Back to top button