छत्तीसगढ़

PM Awas Yojana News: छत्तीसगढ़ में 2 लाख परिवारों का हुआ गृह प्रवेश, 3.65 लाख नए आवासों की सौगात

सक्ती में 2 लाख प्रधानमंत्री आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। छत्तीसगढ़ को 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की सौगात मिली, जबकि 11.50 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं।

PM Awas Yojana News सक्ती, 11 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित राज्यस्तरीय गृह प्रवेश समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में 2 लाख नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से नए घरों की चाबी भी सौंपी गई।

3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की घोषणा

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की सौगात दी। इसके साथ ही सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की गई। बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास सर्वे की समय-सीमा भी बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पीएम आवास निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पक्का घर मिलने के साथ गरीब परिवारों को उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, राशन, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है।

ढाई साल में 11.50 लाख से ज्यादा आवास पूरे

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। आवास प्लस-प्लस सर्वे में शामिल पात्र परिवारों के लिए भी आवास स्वीकृत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका पर जोर देते हुए बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं की मेहनत और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा बदलाव है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिलने और अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि अंतरित किए जाने की जानकारी भी दी। साथ ही नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल का लाभ लेने की अपील की।

ग्रामीण विकास के नए अभियानों की शुरुआत

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन, ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन हुआ। ‘अथ उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के अंतर्गत चैलेंज फंड इवेंट की भी शुरुआत की गई।

आजीविका के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों और डीलर दीदियों के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

पारदर्शिता पर जोर, विकास कार्यों पर लगेंगे बारकोड

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे, इसके साथ नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को केवल आवास तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि शिक्षा, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों पर बारकोड लगाए जा रहे हैं, जिन्हें स्कैन कर नागरिक संबंधित कार्य की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ जनता की निगरानी में भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, हितग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button