PM Janman Road Scam: डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, पीएम जनमन सड़क धंसने पर असिस्टेंट और सब इंजीनियर सस्पेंड, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट
कवर्धा के बोड़ला में सचिव भीम सिंह ने खुद की सड़क की कोर कटिंग; 60-70 टन के ओवरलोड रेत वाहनों ने तोड़ी 12 टन क्षमता वाली सड़क

रायपुर। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कवर्धा (बोड़ला) में बनी नई सड़क के धंसने के मामले में राज्य सरकार ने बेहद सख्त और त्वरित कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के कड़े निर्देश के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह गुरुवार को खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक बनी सड़क का विस्तृत निरीक्षण किया और मौके पर ही कोर कटिंग करवाकर वैज्ञानिक व तकनीकी जांच कराई।
जांच में निर्माण कार्य और मॉनीटरिंग में गंभीर लापरवाही उजागर होने पर सचिव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता (AE) सौरभ देशमुख और उप अभियंता (SE) जे रितेश नायडू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही कार्यपालन अभियंता (EE) संतोष कुमार ठाकुर को भी निलंबित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का फरमान सुनाते हुए अधिकारियों को क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर नए सिरे से बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
60-70 टन के ओवरलोड वाहनों ने मचाई तबाही
तकनीकी जांच में यह बात सामने आई कि जिस सड़क की क्षमता महज 10-12 टन वाले वाहनों की थी, उस पर बेखौफ होकर 60-70 टन क्षमता वाले भारी रेत परिवहन करने वाले ओवरलोड वाहन दौड़ाए जा रहे थे। इसके अलावा, सड़क के शोल्डर निर्माण में गंभीर तकनीकी खामी पाई गई। शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित मापदंड (100%) के मुकाबले आर.डी. 1400 मीटर पर केवल 95% और आर.डी. 2100 मीटर पर महज 94.68% पाया गया। साथ ही पुलिया के एप्रोच में मिट्टी भराई (बैकफिलिंग) का काम भी गाइडलाइन के अनुसार नहीं था, जिसके चलते बारिश का पानी सड़क की निचली सतह (सब-बेस) में घुस गया और सड़क धंस गई।
पीएम जनमन की सड़कों पर भारी वाहन होंगे बैन
सचिव भीम सिंह ने स्पष्ट किया कि पीएम जनमन योजना के तहत बनाई जाने वाली इन ग्रामीण सड़कों पर अब भारी और ओवरलोड वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा। सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे अवैध परिवहन पर लगाम कसने के लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करेंगे। इस उच्चस्तरीय जांच के दौरान अधीक्षण अभियंता अखिलेश तिवारी, बलवंत पटेल, अमित गुलहरे सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर उपस्थित थे।



