छत्तीसगढ़प्रधानमंत्री

PM Modi Praises Chhattisgarh Stall : राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की छत्तीसगढ़ के स्टाल की सराहना, बस्तर के कलाकारों से की आत्मीय बातचीत

गुजरात के केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में छाई छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति। डोकरा, बांस शिल्प और कोसा साड़ियों ने मोहा मन।

PM Modi Praises Chhattisgarh Stall रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित ‘भारत पर्व’ में छत्तीसगढ़ की समृद्ध शिल्पकला, संस्कृति और पर्यटन की अनूठी झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने नारायणपुर और बस्तर के शिल्पकारों से आत्मीय बातचीत की तथा उनकी कला और हुनर की खुलकर सराहना की।

‘बस्तरिया रेला’ की प्रस्तुति से हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टॉल पर बांस शिल्प एवं अन्य लोकशिल्प का निर्माण कर रहे कलाकारों से शिल्प निर्माण की बारीकियों पर चर्चा की। इस दौरान बस्तर से पहुंचे कलाकारों ने पारंपरिक ‘बस्तरिया रेला’ गीत और नृत्य की प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी ने बताया कि 15 दिनों तक चलने वाले इस भारत पर्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से लगाए गए स्टॉल में प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल में मुख्य रूप से निम्नलिखित आकर्षण केंद्र रहे:

हस्तशिल्प और कला: डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा साड़ियां और आकर्षक बांस शिल्प।

पर्यटन स्थलों की जानकारी: चंपारण, चित्रकोट जलप्रपात सहित छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों और रिसॉर्ट्स की विस्तृत जानकारी, जिससे आगंतुकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button