PWD Construction Update: बारिश के बाद सड़कों, पुलों और भवनों के काम में आएगी तेजी, PWD ने शुरू की तैयारी
छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्यों को गति देने PWD ने तैयारी शुरू की। अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक में टाइमलाइन, गुणवत्ता और नए टेंडर सिस्टम पर चर्चा हुई।

PWD Construction Update रायपुर, 25 सितंबर 2026। बरसात का मौसम खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न परिक्षेत्रों के अभियंताओं के साथ बैठक कर निर्माणाधीन और अप्रारंभ कार्यों की समीक्षा की।
अक्टूबर से निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई बैठक में सचिव ने अक्टूबर से निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने और अप्रारंभ कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यस्थलों की बाधाओं का समय पर समाधान कर ठेकेदारों को निर्बाध रूप से काम करने की सुविधा देने को कहा। साथ ही तय टाइमलाइन के अनुसार गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने पर जोर दिया।
हर दो महीने में होगी प्रगति की समीक्षा
सभी कार्यपालन अभियंताओं को हर दो महीने में अनुविभागीय अधिकारियों, सहायक अभियंताओं, उप अभियंताओं और ठेकेदारों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। सिविल और विद्युत-यांत्रिकी शाखा के अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया, ताकि किसी स्तर पर तालमेल की कमी से निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
समय पर भुगतान और व्यावहारिक टाइमलाइन पर जोर
बैठक में एनआईटी तैयार करते समय कार्य पूरा करने की अवधि व्यावहारिक रखने और ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान करने के निर्देश दिए गए। सचिव ने ठेकेदारों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भुगतान प्रक्रिया, समय-सीमा, विभागीय प्रक्रियाओं तथा अन्य नीतिगत विषयों को लेकर सुझाव मांगे।
1 अक्टूबर से नए टेंडर सिस्टम की तैयारी
सचिव ने ठेकेदारों को 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले नए टेंडर सिस्टम में नामांकन कराने और विभाग की ओर से दिए जा रहे प्रशिक्षण में शामिल होने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों से अपनी उपलब्ध संसाधन क्षमता के अनुसार ही काम लेने तथा निर्माण कार्यों की गति के साथ गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।



