छत्तीसगढ़

Infrastructure News: निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर PWD सचिव का जोर, अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

Infrastructure News: रायपुर, 20 अगस्त 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

Construction Work: अधिकारियों को फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश

सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने और प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

Quality Control: ठेकेदारों के काम की होगी कड़ी निगरानी

बैठक में ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी पर जोर दिया गया। सचिव ने कहा कि सड़क, पुल और भवन निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए। नए सड़क और पुल प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश भी दिए गए।

Road Maintenance: बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत

सचिव ने जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण शुरू होने के बाद कार्य की गति और गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने को कहा। इसके साथ ही सड़कों और पुलों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने को कहा गया, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।

Land Acquisition: भू-अर्जन मामलों का जल्द निराकरण

बैठक में निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की भी समीक्षा की गई। कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर नए और पुराने भू-अर्जन प्रकरणों में नामांतरण की प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए। पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को भी कहा गया।

Rest House Maintenance: विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों पर भी ध्यान

लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सचिव ने विभागीय भवनों में साफ-सफाई, बेहतर रखरखाव और परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button