छत्तीसगढ़

Raipur Cow Shelter News: गोधामों की सुविधाओं के लिए 25 लाख रुपये मंजूर, शेड निर्माण से गौवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय

रायपुर के गोधामों में गौवंश संरक्षण के लिए 25 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। राशि से शेड निर्माण, सुरक्षा और रखरखाव की सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।

Raipur Cow Shelter News । राजधानी में गौवंश के संरक्षण और गोधामों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने नगर पालिक निगम रायपुर क्षेत्र के गोधामों में शेड निर्माण, गौवंश की सुरक्षा, रखरखाव और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।

महापौर ने मंत्री के सामने रखा प्रस्ताव

महापौर मीनल चौबे ने बुधवार को मंत्री केदार कश्यप से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न गोधामों में गौवंश की स्थिति और वहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

महापौर ने बताया कि कई गोधामों में क्षमता से अधिक गौवंश होने के कारण अतिरिक्त शेड और अन्य आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। बारिश और गर्मी के मौसम में सुरक्षित एवं सुविधाजनक आश्रय उपलब्ध कराने में भी चुनौतियां सामने आती हैं।

शेड निर्माण और रखरखाव पर खर्च होगी राशि

गौवंश की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंत्री केदार कश्यप ने तत्काल 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी। इस राशि से गोधामों में शेड निर्माण के साथ गौवंश के रखरखाव और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि गौवंश का संरक्षण सामाजिक दायित्व से जुड़ा विषय है। गोधामों में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित आश्रय की व्यवस्था होना जरूरी है। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से गर्मी और बारिश के दौरान गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

गोधामों की व्यवस्था होगी मजबूत

केदार कश्यप ने कहा कि शासन गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। वहीं, महापौर मीनल चौबे ने राशि स्वीकृत किए जाने पर मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे रायपुर नगर निगम क्षेत्र के गोधामों में आश्रय और देखभाल की सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Back to top button