Raipur Ganeshotsav News: 117 साल पुरानी परंपरा में शामिल हुए CM साय, गोल बाजार में गणपति की पूजा कर मांगी प्रदेश की खुशहाली
रायपुर के गोल बाजार में 117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव परंपरा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश और 150 साल पुराने हनुमान मंदिर में पूजा कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

Raipur Ganeshotsav News । गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार भक्तिमय माहौल में नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गणेश से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर के समीप स्थित गणेशोत्सव पंडाल में भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच आरती कर उन्होंने छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान पूरे परिसर में गणपति बप्पा के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी।
117 वर्षों से कायम है गणेशोत्सव की परंपरा
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से लगातार चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखना विशेष उपलब्धि है। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।
गौरतलब है कि गोल बाजार के हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा स्थापित की जा रही है। भव्य गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे यह आयोजन रायपुर की प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है।
150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा
गणेश प्रतिमा के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी श्रद्धा भी व्यक्त की।
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



