छत्तीसगढ़

Raipur Seva Jyoti Yatra: 38 स्थानों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, तेलीबांधा भी होगा विकसित

रायपुर में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक बनाने और तेलीबांधा चौक को विकसित करने की घोषणा की।

Raipur Seva Jyoti Yatra, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। इनसे आने वाली पीढ़ियों को यह प्रेरणा मिलेगी कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका और योगदान महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया।

इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा चौक तक निकली। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

25 वर्षों की जनसेवा को बताया राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा

विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इस अवधि को जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं। 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं और उनके बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए वे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और वैश्विक स्तर पर देश के सामर्थ्य एवं नेतृत्व की पहचान मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मान देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ के लोगों ने डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की थी। सेवा संकल्प अभियान के जरिए प्रदेश के नागरिक लगातार सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ रहे हैं।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने की क्षमता और सामर्थ्य देशवासियों में है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय की है। प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ को विकास के लिए मिल रहा सहयोग: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले विभिन्न जिम्मेदारियों के दौरान नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया था। इसलिए वे प्रदेश की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के साथ यहां मौजूद संभावनाओं से भी परिचित हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री से चर्चा के दौरान प्रदेश को अपेक्षा से बढ़कर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता है। उनके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए अवसरों से जुड़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है।

सिंगापुर प्रवास से वैश्विक निवेश के अवसरों पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि भारत के राज्य दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करें तथा निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के वैश्विक अवसरों का लाभ उठाएं।

इसी दिशा में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए चुना। सिंगापुर प्रवास के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सिंगापुर के संबंध पुराने और मजबूत हैं। प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में यह सामने आया कि भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत को संभावनाओं और विकास के बड़े केंद्र के रूप में देख रही है, जिसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे तेजी से आगे बढ़ते राज्यों को भी मिल रहा है।

‘वी विल डू इट’ के संकल्प से आगे बढ़ने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘वी विल डू इट’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन देशवासियों के सामूहिक प्रयास से इसे हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नागरिकों से भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से निर्वहन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तब विकसित भारत का संकल्प मजबूत होगा।

बृजमोहन अग्रवाल ने भी किया सहभागिता का आह्वान

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, राम गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button