छत्तीसगढ़

Revenue & Disaster Meeting: राजस्व मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं, समय पर निपटाएं नामांतरण और बंटवारा: मंत्री टंक राम वर्मा

Dhamtari Administration Directives: धमतरी में समीक्षा बैठक; बाढ़ आपदा से निपटने, खाद-बीज आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए सख्त निर्देश

धमतरी/रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने धमतरी कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने 5 हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड और 5 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए।

मानसून के मौसम को देखते हुए मंत्री ने संभावित बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी करने तथा राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा, स्कूल शिक्षा विभाग को समय पर गणवेश व पाठ्यपुस्तकें बांटने, कृषि विभाग को खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड का लाभ पहुँचाने के कड़े निर्देश जारी किए।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बैठक में बताया कि जिले में 200 बिस्तरीय मातृ-शिशु अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, कुरूद में 100 बिस्तरीय अस्पताल व नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिन्हें आगामी दो वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में एसपी, डीएफओ और जिला पंचायत सीईओ सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button