Seva Sankalp Abhiyan: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनभागीदारी और स्वच्छता पर रहेगा विशेष जोर

Seva Sankalp Abhiyan रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित वर्चुअल बैठक में नगर निगमों के महापौर एवं आयुक्तों के साथ नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अभियान की गतिविधियों, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार की तैयारियों पर चर्चा हुई।
जनभागीदारी से व्यापक बनाया जाएगा अभियान
अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाई जाए और विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ा जाए। अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में जनभागीदारी की अहम भूमिका है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और विकास की भावना को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
फोटो-वीडियो से होगा गतिविधियों का दस्तावेजीकरण
उप मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आयोजन की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराने तथा उनकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान के कार्यक्रमों और उनके प्रभाव की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने लाभार्थियों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को भी सामने लाने को कहा। इसके लिए योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरणादायी कहानियों, उपलब्धियों और अनुभवों को रिकॉर्ड कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रचारित करने पर जोर दिया गया।
सेवा, स्वच्छता और नवाचार से जुड़ी होंगी गतिविधियां
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसी विभिन्न गतिविधियां प्रस्तावित हैं। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।
बैठक में ‘सेवा की कहानी’ के तहत वास्तविक लाभार्थियों की सफलता और बदलाव की कहानियों को सामने लाने तथा ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
स्वच्छता को बनाया जाएगा जनआंदोलन
बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ से जुड़ी गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ने का आह्वान करने को कहा।
उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जहां अभियान के परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें। साथ ही, सफाई कार्य से पहले और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड रखने को कहा, ताकि वास्तविक बदलाव को सामने लाया जा सके। अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और बेहतर विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।



