Gandhi-Shastri Jayanti: नई दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गांधी और शास्त्री को किया नमन, बताए सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्श
गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Gandhi-Shastri Jayanti, 2 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की भावना निहित थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी का जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों के योगदान को रेखांकित करता है। 2 अक्टूबर को दोनों विभूतियों की जयंती मनाई जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।



