छत्तीसगढ़

Shivnath River Alert: दुर्ग में बढ़ते जलस्तर के बीच शिक्षा मंत्री ने गणेश विसर्जन स्थल और राहत शिविरों का लिया जायजा

दुर्ग में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच मंत्री गजेन्द्र यादव ने गणेश विसर्जन स्थल और राहत शिविरों का निरीक्षण किया। 258 प्रभावित लोगों के लिए राहत व्यवस्था की जानकारी ली।

Shivnath River Alert दुर्ग। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को शिवनाथ नदी स्थित गणेश विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर नदी के जलस्तर और विसर्जन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उन्होंने विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। छोटे पुल के ऊपर पानी बहने के कारण पिछली रात से विसर्जन प्रक्रिया रोक दी गई है। जलस्तर कम होने के बाद प्रशासन की निगरानी में इसे दोबारा शुरू किया जाएगा।

इसके बाद मंत्री पुलगांव के वार्ड क्रमांक 55 स्थित राहत शिविर पहुंचे, जहां 48 प्रभावित लोगों को ठहराया गया है। उन्होंने महिलाओं, पुरुषों और बच्चों से बातचीत कर भोजन, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से जलस्तर कम होने के बाद ही घर लौटने की अपील की और अधिकारियों को शिविर में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने ग्राम भरदा के स्कूल में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। तांदुला और शिवनाथ नदी किनारे ईंट भट्ठों तथा सब्जी बाड़ियों में काम करने वाले 210 लोगों को सुरक्षित निकालकर यहां ठहराया गया है। मंत्री ने ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर राहत शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में नाली निर्माण की मांग पर मंत्री ने कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण किसानों की मांग पर फसल क्षति का सर्वे कराने की बात कही। ग्राम चंगोरी में बढ़ते जलस्तर के कारण पानी भरने की सूचना के बाद अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button