छत्तीसगढ़

Sukma News: नक्सल हिंसा प्रभावित परिवारों से मिले डॉ. प्रेम साई गुरुजी, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

सुकमा में डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने नक्सल हिंसा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता दी। किशोर को शिक्षा के लिए 51 हजार और सुक्की को 51 हजार के साथ एक साल तक हर माह 31 हजार रुपये की मदद का आश्वासन दिया।

Sukma News, 30 अगस्त 2026। नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके दुख-दर्द को साझा करने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल की गई। मातंगी धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने सुकमा जिले के प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही शिक्षा, रोजगार और कौशल प्रशिक्षण के जरिए आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

पिता की हत्या के बाद बेटे की शिक्षा में मदद

जगरगुंडा थाना क्षेत्र के बेनपल्ली पटेलपारा निवासी मुचाकी रामा की 5 मई 2025 को नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या कर दी थी। उनके परिवार में पत्नी आयाती, 18 वर्षीय पुत्र किशोर, 15 वर्षीय पुत्री संजना और करीब 70 वर्षीय माता मुचाकी हुंगी हैं। परिवार कृषि कार्य के जरिए जीवन-यापन कर रहा है।

डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने परिवार से मुलाकात कर किशोर को आगे की शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके साथ ही किशोर को वुडन कार्य का प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया गया है। प्रशिक्षण का पूरा खर्च मातंगी धाम की ओर से उठाया जाएगा, ताकि वह हुनर सीखकर भविष्य में परिवार का सहारा बन सके।

IED की चपेट में आई सुक्की को आर्थिक सहायता

चिंतलनार थाना क्षेत्र के भीमापुरम निवासी 14 वर्षीय मड़कम सुक्की पूर्व में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED की चपेट में आ गई थीं, जिससे उनका एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। उनका परिवार कृषि कार्य पर निर्भर है।

सुक्की की स्थिति को देखते हुए मातंगी धाम की ओर से घर की मरम्मत के लिए 51 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी गई। डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने सुक्की के भविष्य के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आवश्यक सहयोग दिलाने का प्रयास करने की बात कही।

इसके अलावा उन्होंने आश्वासन दिया कि सुक्की को नौकरी मिलने तक एक वर्ष तक हर महीने 31 हजार रुपये की सहयोग राशि मातंगी धाम की ओर से दी जाएगी। यह राशि उसके उपचार, दैनिक जरूरतों और परिवार के सहारे के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

आर्थिक मदद के साथ आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

डॉ. प्रेम साई गुरुजी ने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को केवल तत्काल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने, रोजगार से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से मातंगी धाम की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और आर्थिक सहयोग की दिशा में काम करने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button