छत्तीसगढ़

CG SCA Scheme Meeting: विशेष केंद्रीय सहायता योजना की राज्य स्तरीय बैठक संपन्न, मुख्य सचिव विकासशील ने बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा के कार्यों की समीक्षा की

Chhattisgarh Infrastructure Review: सड़क, पुल-पुलिया और भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा के कलेक्टरों से वीसी के माध्यम से ली गई रिपोर्ट

Raipur News: रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में गृह विभाग की विशेष केंद्रीय सहायता योजना (एससीए) के अंतर्गत राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य के नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में चल रहे बुनियादी विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा जिले में विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत स्वीकृत आधारभूत संरचनाओं, सड़कों, पुल-पुलियाओं और भवन निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत और प्रगतिरत सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा कराया जाए ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।

मुख्य सचिव विकासशील ने बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर और सुकमा के जिला कलेक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़कर ग्राउंड रिपोर्ट ली। उन्होंने जिलेवार कार्ययोजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में जारी विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करें और रुकावटों को तत्काल दूर करें।

बैठक में अधिकारियों ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि बीजापुर जिले में सड़क निर्माण के 28, नारायणपुर में 7 और सुकमा में 9 कार्य सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। इसी तरह कांकेर जिले में 7 और सुकमा में 5 पुल निर्माण के कार्य संपन्न हो चुके हैं, जबकि अन्य स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा करने का प्रयास जारी है। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, सचिव डॉ. रोहित यादव, पीसीसीएफ अरूण पाण्डेय, सचिव हिमशिखर गुप्ता और सचिव भीम सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button