छत्तीसगढ़

Vishnu Deo Sai Satya Sai Gram Muddenahalli Visit: कर्नाटक पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय; सत्य साई ग्राम के सेवा मॉडल को बताया जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण

वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक मधुसूदन साई से की मुलाकात; छत्तीसगढ़ में निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल और पोषण अभियानों के विस्तार पर चर्चा

रायपुर, 24 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक स्थित सत्य साई ग्राम (मुद्देनहल्ली) का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित समग्र सेवा मॉडल का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ‘वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन’ के संस्थापक मधुसूदन साई से सौजन्य भेंट की।

मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार, विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण संवर्धन और मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्रों में राज्य सरकार व संस्था के बीच भावी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

सत्य साई संजीवनी अस्पताल रायपुर के कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित ‘श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल’ द्वारा पूर्णतः निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा (Pediatric Cardiac Surgery) के माध्यम से हजारों मासूम बच्चों को नया जीवन देने के पुनीत कार्य की दिल खोलकर सराहना की।

स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं का विस्तार:

विष्णुदेव साय ने सत्य साई संजीवनी अस्पताल के रायपुर परिसर का विस्तार करने, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना करने तथा राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज है।

मूल्य आधारित शिक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य आतिथ्य

मुख्यमंत्री मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस सम्मेलन में दुनिया के 25 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा शिक्षाविदों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का जरिया नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का मजबूत आधार होनी चाहिए।

छत्तीसगढ़ के बच्चों को मिलेगा ‘साईश्योर’ पोषण का लाभ

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट’ द्वारा संचालित ‘साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स’ इकाई का भी निरीक्षण किया। यह संस्था देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग 1 करोड़ बच्चों को मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने इस मॉडल की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए इसे लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके साथ ही, यहाँ नर्सिंग शिक्षा प्राप्त कर रहे छत्तीसगढ़ के लगभग 300 युवाओं की भी सराहना की, जो आगे चलकर सेवा भाव से स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान देंगे।

Related Articles

Back to top button