छत्तीसगढ़

Aadhaar Update News: 75 वर्षीय किसान की चार साल पुरानी समस्या का समाधान, आधार अपडेट होते ही खुला सरकारी योजनाओं का रास्ता

Aadhaar Update News रायपुर, 12 सितंबर 2026। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत झलपी निवासी 75 वर्षीय कृषक वासुदेव गुप्ता की आधार से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या आखिरकार दूर हो गई। तकनीकी कारणों से लगातार आवेदन निरस्त होने के चलते वे लंबे समय से कई शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित थे। जिला प्रशासन की पहल के बाद उनका आधार दस्तावेज सफलतापूर्वक तैयार कर उन्हें सौंप दिया गया।

चार साल तक आधार के लिए लगाते रहे चक्कर

वासुदेव गुप्ता ने पिछले करीब चार वर्षों में क्षेत्र के कई आधार केंद्रों पर जाकर नामांकन और अपडेट की प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद पावती से स्थिति की जांच करने पर आवेदन तकनीकी कारणों से निरस्त हो जाता था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने अंबिकापुर स्थित सेवा केंद्र तक भी कई बार प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।

प्रशासन की पहल से मिली राहत

मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में लंबित प्रकरण के निराकरण की प्रक्रिया तेज की गई। जिला टीम और संबंधित तकनीकी कार्यालयों ने मामले की तकनीकी अड़चनों की जांच की। विभिन्न स्तरों पर समन्वय के बाद आधार से जुड़ी समस्या का समाधान निकाला गया और दस्तावेज तैयार कर वासुदेव गुप्ता को सौंप दिया गया।

आधार अपडेट होते ही मिलेंगे योजनाओं के लाभ

आधार अपडेट होने के बाद अब वृद्ध कृषक के लिए कई सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेना आसान हो सकेगा। वे एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराकर धान विक्रय और कृषि से जुड़ी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा पेंशन, राशन कार्ड की ई-केवाईसी, बैंकिंग सेवाओं और ऋण संबंधी प्रक्रियाओं में भी उन्हें सुविधा मिलेगी।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच पर जोर

जिला प्रशासन का कहना है कि इस तरह के मामलों के समाधान का उद्देश्य केवल एक व्यक्ति की समस्या दूर करना नहीं, बल्कि पहचान से जुड़ी तकनीकी अड़चनों के कारण पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं से वंचित होने से रोकना है। लंबित मामलों की पहचान, नामांकन और अपडेट प्रक्रिया को आसान बनाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button