40th National Games News: छत्तीसगढ़ में पहली बार नेशनल गेम्स की मेजबानी की तैयारी, खिलाड़ियों को मिलेंगे बेहतर अवसर
छत्तीसगढ़ में 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन की तैयारियों और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

40th National Games News रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार नेशनल गेम्स की मेजबानी की संभावनाओं को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शनिवार को न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की बैठक हुई। बैठक में 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए जरूरी तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए।
गांव और वनांचल की प्रतिभाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के गांवों, वनांचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। जरूरत है कि इन खिलाड़ियों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दे रही है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधनों और अवसरों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
नेशनल गेम्स के आयोजन से बढ़ेगा खेल ढांचा
40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने की स्थिति में प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने का रास्ता तैयार हो सकता है।
बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और बड़े आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।



