नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: गुढ़ियारी में 249 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ दुर्ग का तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नॉर्थ जोन की गुढ़ियारी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने झाबक पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली कफ सिरप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में भटक रहा था। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देशों पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीदी-बिक्री को रोकने के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पेट्रोल पंप के पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गुढ़ियारी थाना प्रभारी की एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदेही को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना नाम अनिल कुमार साहू (33 वर्ष) निवासी मंगल बाड़ा, चरौदा जिला दुर्ग बताया। पुलिस टीम ने जब उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप बरामद हुई। आरोपी से जब इस नशीली सिरप को रखने या परिवहन करने से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह गोलमोल जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने लगा।
दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार साहू के कब्जे से 249 नग प्रतिबंधित कोडीन नशीली सिरप (कुल मात्रा 25 लीटर) और वारदात में इस्तेमाल एक नग मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त की गई सिरप और मोबाइल की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे रायपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।




