छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में ‘खेल’ के नाम पर बड़ा खेल: खेल विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹1.30 लाख की ठगी; सुकमा का नियुक्ति पत्र निकला फर्जी

बोड़ला पुलिस ने लैलूंगा के कलिंदर मिंज पर दर्ज की एफआईआर; खुद को फुटबॉल संघ का सचिव बताकर ग्रामीण युवा को बनाया शिकार

बोड़ला/कवर्धा, 5 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला कबीरधाम (कवर्धा) जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां खेल विभाग में खेल प्रशिक्षक (कोच) की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक ग्रामीण युवा से 1 लाख 30 हजार रुपये की मोटी रकम ठग ली गई। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने जालसाजी करते हुए पीड़ित को सुकमा जिले के खेल विभाग का एक फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया।

पीड़ित युवा की शिकायत पर बोड़ला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

खुद को फुटबॉल संघ का सचिव बताकर बिछाया जाल

/* Outer Box */ /* Header Label */ /* Slider */

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम राम्हेपुर खुर्द निवासी जुगेश्वर कुमार साहू (25 वर्ष) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर (FIR) के मुताबिक, रायगढ़ जिले के लैलूंगा निवासी आरोपी कलिंदर मिंज ने खुद को ‘छत्तीसगढ़ सेवन इनसाइड फुटबॉल संघ’ का प्रांतीय सचिव बताते हुए जुगेश्वर से संपर्क किया था।

आरोपी कलिंदर मिंज ने जुगेश्वर को अपने झांसे में लेते हुए कहा कि खेल विभाग में खेल प्रशिक्षकों (कोच) की सीधी भर्ती निकली हुई है और उसकी ऊंची पहुंच के चलते वह उसकी सरकारी नौकरी लगवा सकता है। नौकरी के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1,30,000 रुपये ऐंठ लिए।

सुकमा जॉइनिंग के लिए पहुंचा तो खुला फर्जीवाड़े का राज

पैसे लेने के कुछ समय बाद आरोपी कलिंदर मिंज ने जुगेश्वर कुमार साहू को बकायदा खेल विभाग का मुहर लगा हुआ एक नियुक्ति पत्र (जॉइनिंग लेटर) सौंपा, जिसमें उसकी पोस्टिंग सुकमा जिले में होना दर्शाया गया था।

ऐसे खुली पोल: खुश होकर जब पीड़ित युवा सुकमा जिले के खेल विभाग के दफ्तर में अपनी जॉइनिंग देने पहुंचा, तो वहां के अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र को देखते ही उसे फर्जी करार दे दिया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा ऐसी कोई भर्ती या आदेश जारी नहीं किया गया है। इसके बाद पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी की तलाश जारी

ठगी का शिकार होने का अहसास होने पर पीड़ित ने वापस आकर आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अंत में जान से मारने की धमकी देने लगा। परेशान होकर पीड़ित जुगेश्वर ने बोड़ला थाने में न्याय की गुहार लगाई।

बोड़ला पुलिस ने मामले की गंभीरता और सुकमा के फर्जी सरकारी दस्तावेजों के इस्तेमाल को देखते हुए आरोपी कलिंदर मिंज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लैलूंगा और संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button