भाजपा

Dr Raman Singh Advice To BJP Workers: कार्यकर्ताओं को डॉ. रमन सिंह की नसीहत, कहा – चुनाव में अब ढाई साल ही शेष, पद नहीं, संगठन के लिए करें काम

कवर्धा में भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन, पूर्व सीएम ने कहा - सारे पद भर चुके हैं, अब रोना-धोना छोड़ एकजुट हों कार्यकर्ता

कवर्धा। भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को एक बेहद महत्वपूर्ण और कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में आने का आह्वान करते हुए कहा कि ढाई साल पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, जिसने छत्तीसगढ़ को पूरी तरह बदनाम कर दिया था। अब हम सभी का यह मुख्य लक्ष्य होना चाहिए कि ऐसी जनविरोधी सरकार को दोबारा प्रदेश की सत्ता में वापस कदम न रखने दिया जाए।

डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को समय की महत्ता समझाते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के भी ढाई साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब अगले विधानसभा चुनाव के लिए सिर्फ ढाई साल का ही समय शेष रह गया है। ऐसी स्थिति में समय गंवाए बिना सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मनमुटाव भुलाकर एकजुट होना होगा और संगठन व सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी।

पद की लालसा रखने वाले कार्यकर्ताओं को स्पष्ट नसीहत देते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश में जितने भी संगठनात्मक और राजनीतिक पद थे, वे सभी अब भरे जा चुके हैं। अब कोई भी नया पद खाली नहीं है, इसलिए पदों को लेकर किसी भी तरह का रोना-धोना करने या आपस में मनमुटाव रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी समय आने पर और योग्यता के अनुसार अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित जिम्मेदारी देती है और भविष्य में सभी को काम करने का पूरा अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button