शिक्षा का मंदिर शर्मसार, शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे हेडमास्टर, जमीन पर लेटकर की गाली-गलौज
सूरजपुर के रामानुजनगर ब्लॉक का मामला, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा शराबी प्रधान पाठक का वीडियो

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर (प्रधान पाठक) स्कूल समय में शराब के नशे में पूरी तरह धुत होकर पहुंचे। नशे की हालत में स्कूल परिसर के बाहर उनका तमाशा देख स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने शिक्षा विभाग की छवि को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा वाकया रामानुजनगर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम शाल्ही के खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह स्कूल के समय में शराब के नशे में इस कदर डूबे हुए थे कि वे खुद को संभाल पाने की स्थिति में भी नहीं थे। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हेडमास्टर नशे की हालत में स्कूल के बाहर जमीन पर बेसुध लेटे हुए हैं और वहां मौजूद लोगों के साथ लगातार गाली-गलौज कर रहे हैं।
स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों के सामने हेडमास्टर की इस अमर्यादित हरकत से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे शिक्षकों के आचरण का छोटे बच्चों के भविष्य पर बेहद बुरा असर पड़ता है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच चुका है। फिलहाल, शिक्षा विभाग के आला अधिकारी इस मामले की जांच कर शराबी हेडमास्टर के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की तैयारी में जुटे हैं।



