छत्तीसगढ़

CG Crime News: शेयर बाजार में पैसे डबल करने का झांसा देकर ठगी, पति-पत्नी ने लगाया 2 करोड़ से ज्यादा का चूना; पुलिस ने किया अरेस्ट

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई; शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये हड़पने वाला बंटी-बबली जोड़ा गिरफ्तार, लैपटॉप, मोबाइल और चेकबुक जब्त।

जांजगीर-चांपा। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर पति-पत्नी को चांपा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक सहित कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।

ठगी का यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने उसे शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर कम समय में भारी मुनाफे और रकम को दोगुनी करने का प्रलोभन दिया।

झांसे में आकर पीड़ित और उसके परिचितों ने आरोपियों के पास अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई निवेश कर दी। शुरुआत में आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए कुछ रकम रिटर्न के तौर पर दी, लेकिन बाद में करोड़ों रुपये ऐंठकर मुकर गए और रकम लौटाने से इनकार करने लगे। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने की बात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button