Accident News : मुंगेली में हिट एंड रन, तखतपुर CMO की कार से भीषण हादसा, 2 लोगों की मौत के बाद आरोपी अमरेश सिंह गिरफ्तार
कांग्रेस नेता की पार्टी से लौट रहे थे सीएमओ अमरेश सिंह, बरेला मेन रोड पर 1 अगस्त की रात हुआ था हादसा; न्यायालय ने भेजा जेल

मुंगेली, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव थाना अंतर्गत ग्राम बरेला मेन रोड पर 1 अगस्त की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस हिट एंड रन मामले में तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी अधिकारी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की रात तखतपुर सीएमओ अमरेश सिंह एक कांग्रेस नेता की पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार ने बरेला मेन रोड पर दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इस भीषण सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे लेकर क्षेत्र में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जरहागांव थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सीएमओ को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद से नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की भी जांच कर रही है।



