छत्तीसगढ़

PM Awas Yojana News: बलरामपुर में 6,968 परिवारों को मिला पक्का घर, सामूहिक गृह प्रवेश से खिले हितग्राहियों के चेहरे

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 6,968 परिवारों को पक्का घर मिला। 11 सितंबर को जिलेभर में सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।

PM Awas Yojana News रायपुर, 12 सितंबर 2026। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से अब तक पूर्ण हुए 6,968 आवासों का सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम 11 सितंबर को जिलेभर में उत्साह के साथ आयोजित किया गया।

पूजा-अर्चना के बाद सौंपी गईं घरों की चाबियां

जिले के सभी विकासखंडों में पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गृह प्रवेश कराया गया। पूजा-अर्चना के बाद हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। लंबे समय तक कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के लिए अपने पक्के घर में प्रवेश का अवसर खुशी और भावुकता से भरा रहा।

रामचन्द्रपुर में सबसे ज्यादा आवास पूर्ण

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विकासखंडवार पूर्ण आवासों की स्थिति इस प्रकार रही—

रामचन्द्रपुर: 2,276 आवास

वाड्रफनगर: 1,772 आवास

कुसमी: 1,215 आवास

बलरामपुर: 1,142 आवास

राजपुर: 353 आवास

शंकरगढ़: 210 आवास

इस तरह जिले में कुल 6,968 पक्के आवास पूर्ण कराए गए हैं।

पक्का मकान सुरक्षा और सम्मान का आधार

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गृह प्रवेश करने वाले परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि पक्का आवास केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने अधिकारियों को शेष स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हितग्राहियों से आवास के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की अपील भी की। प्रशासन का लक्ष्य पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आवास निर्माण को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना है।

सेवा संकल्प अभियान से पहले बड़ी उपलब्धि

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान से पहले हजारों परिवारों का अपने नए घरों में प्रवेश जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। हितग्राहियों ने अपने पक्के घर मिलने पर खुशी जताते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में भाग लेने और विकास की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button