Vande Mataram 150 Years: रायपुर में स्कूली बच्चों ने किया सामूहिक गायन, मुख्यमंत्री साय ने शिक्षा और संस्कार पर दिया जोर
रायपुर में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर स्कूली बच्चों ने सामूहिक गायन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यालय विकास के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की।

Vande Mataram 150 Years रायपुर, 25 सितंबर 2026। राजधानी के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों, आचार्यों और नागरिकों के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विकास के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ मां भारती की वंदना, राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना का सशक्त स्वर है। उन्होंने कहा कि इसके 150 वर्ष पूरे होने का अवसर स्वतंत्रता संग्राम, सेनानियों के संघर्ष और उनके त्याग को याद करने के साथ नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने का भी अवसर है।
दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। शहरों के साथ बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्रायबल यूथ हॉस्टल में विद्यार्थियों की सीटें बढ़ाकर 200 की गई हैं और वहां अध्ययनरत छत्तीसगढ़ के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है।
शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ा सपना देखने, लक्ष्य तय करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या किसी भी क्षेत्र में जाने वाले विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की तैयारी अभी से शुरू करनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ में 1500 स्थानों पर सामूहिक गायन
कार्यक्रम में बताया गया कि विद्या भारती के आह्वान पर देशभर में बड़ी संख्या में स्थानों पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। छत्तीसगढ़ में भी करीब 1500 स्थानों पर पांच लाख लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व-बोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत सहित विद्यार्थी, आचार्य, विद्यालय परिवार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



