छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Rain Alert: महानदी उफान पर, बीजराडीह में 17 लोग फंसे; अमेठी घाट स्टॉपडैम डूबा

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के बीच महानदी उफान पर है। बीजराडीह में तीन परिवारों के 17 लोग फंसे हैं, जबकि अमेठी घाट स्टॉपडैम डूबने से मार्ग प्रभावित हुए हैं।

Chhattisgarh Rain Alert घोटिया। छत्तीसगढ़ के घोटिया और पलारी क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। धमतरी के गंगरेल बांध के सभी द्वार खोले जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के उफान पर आने से तटीय और निचले इलाकों में बसे कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, बीजराडीह में तीन परिवारों के 17 लोगों के फंसे होने की स्थिति सामने आई है। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। प्रशासन और राहत-बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इधर, बढ़ते जलस्तर के कारण अमेठी घाट स्टॉपडैम के डूबने की जानकारी सामने आई है। पानी बढ़ने से कसडोल और सिरपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी आवागमन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर सड़क और पुल-पुलियों के ऊपर पानी आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महानदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन की ओर से लोगों से जलभराव वाले रास्तों और तेज बहाव वाले स्थानों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

Related Articles

Back to top button