बस्तर

Bastar Rain Alert: भारी बारिश और जलभराव के बीच मंत्री केदार कश्यप ने सभी कलेक्टरों से ली स्थिति की जानकारी

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश, प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

Bastar Rain Alert जगदलपुर/रायपुर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई इलाकों में जलभराव व बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने और प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए।

प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता के निर्देश

केदार कश्यप ने कहा कि भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जहां जलभराव या बाढ़ की स्थिति बन रही है, वहां प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय होकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कलेक्टरों से जिले के संवेदनशील और निचले इलाकों की लगातार निगरानी करने को कहा। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर विशेष नजर रखने तथा ऐसे मार्गों, पुल-पुलियों और रपटों पर सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जहां से पानी बह रहा हो। लोगों को जोखिम लेकर ऐसे रास्तों से आवागमन करने से रोकने के लिए जरूरत के अनुसार पुलिस एवं प्रशासन की टीम तैनात करने, बैरिकेडिंग सहित अन्य सुरक्षा उपाय करने को कहा गया।

दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों पर विशेष नजर

मंत्री ने बस्तर के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। बारिश के कारण संपर्क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने और राहत दलों को जरूरी संसाधनों के साथ अलर्ट रखने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह के संसाधनों की आवश्यकता होने पर तत्काल व्यवस्था की जाए। जिला स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा हो और मैदानी अमला पूरी तरह सक्रिय रहे। प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में देरी न हो।

राहत शिविरों में भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

जिन इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की जरूरत पड़ रही है, वहां राहत शिविरों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में भोजन, पेयजल, आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

बारिश और जलभराव के बाद संभावित स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य अमले को भी सतर्क रखने तथा जरूरी दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता: केदार कश्यप

केदार कश्यप ने कहा कि भारी बारिश की स्थिति में जनहानि को रोकना और प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी प्रभावित परिवार आवश्यक सहायता से वंचित न रहे।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

मंत्री ने बस्तर संभाग के नागरिकों से भी भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लोगों से तेज बहाव वाले नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा। स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button