छत्तीसगढ़

Bilaspur News: 25 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी का वीडियो वायरल होने पर कलेक्टर ने की कड़ी कार्रवाई, ऋषिपुरी गोस्वामी हुए निलंबित

पचपेड़ी तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। शासकीय कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई।

Bilaspur News: बिलासपुर जिले में शासकीय राजस्व कार्यों के नाम पर अवैध वसूली और रिश्वतखोरी के मामलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासकीय कार्य के एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जांच प्रतिवेदन में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी पहले पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे और वर्तमान में तहसील पचपेड़ी के हल्का नंबर 05 में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सोशल मीडिया पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आने के बाद पचपेड़ी तहसीलदार को मामले की जांच सौंपी गई थी।

तहसीलदार पचपेड़ी द्वारा 28 अक्टूबर को प्रस्तुत किए गए जांच प्रतिवेदन में पटवारी के खिलाफ लगे आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जारी निलंबन आदेश में पटवारी के इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के विपरीत, गंभीर कदाचरण और शासन की छवि धूमिल करने वाला करार दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कलेक्टोरेट बिलासपुर निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Back to top button