Crime News : सोशल मीडिया पर हुआ प्यार, मिलने बुलाने के बाद युवती और उसके 6 साथियों ने युवक से की मारपीट
स्नैपचैट के जरिए हुई थी दोस्ती, चांपा मिलने पहुंचे युवक को बनाया बंधक। फोन-पे के जरिए ट्रांसफर कराए पैसे, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला।

Crime News रायगढ़, 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से सोशल मीडिया पर प्यार और दोस्ती के नाम पर ठगी और लूटपाट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्नैपचैट के जरिए हुई दोस्ती के बाद जब एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने चांपा पहुंचा, तो वहां युवती ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर युवक को बंधक बना लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया-धमकाया, बेरहमी से मारपीट की और फोन-पे के जरिए 39,600 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी छीन ली गई। पीड़ित की शिकायत पर रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने युवती और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रायगढ़ शहर के तुर्कापारा निवासी 23 वर्षीय मनीष वर्मा फोटो फ्रेमिंग का काम करता है। कुछ समय पहले सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट के माध्यम से उसकी पहचान ‘पीहू उर्फ पूजा’ नाम की युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई।
आरोप है कि युवती पिछले कई दिनों से मनीष वर्मा को चांपा आकर मिलने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। युवती के बुलावे पर जब मनीष उससे मिलने चांपा पहुंचा, तो वहां पहले से योजनाबद्ध तरीके से मौजूद युवती और उसके 6 अन्य साथियों ने उसे घेर लिया।
चाकू दिखाकर डराया और लूटे पैसे
पीड़ित युवक का आरोप है कि आरोपियों ने उसे चाकुओं से डराया-धमकाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने जबरन उसके मोबाइल से फोन-पे (PhonePe) के माध्यम से 39,600 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। यहीं नहीं, दरिदों ने उसकी उंगली में पहनी हुई सोने की अंगूठी भी जबरन खींच ली। किसी तरह जान बचाकर रायगढ़ लौटे पीड़ित युवक ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



