छत्तीसगढ़

Dog Bite Death : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में आवारा कुत्ते के काटने से 2 साल की बच्ची की मौत, रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक सप्ताह के भीतर दूसरी मौत। कल्याणपुर गेहलापारा की घटना से पसरा मातम।

Dog Bite Death अंबिकापुर / सूरजपुर, 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुत्तों के काटने से होने वाली मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामला सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर गेहलापारा का है, जहां आवारा कुत्ते के काटने से घायल दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची ने अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक सप्ताह के भीतर कुत्ते के काटने से हुई यह दूसरी मौत है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

क्या है पूरी घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नीरजा (2 साल), पुत्री सीताराम के रूप में हुई है। घटना के समय बच्ची की मां अपने मायके (रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदिया) गई हुई थी, जहां बच्ची अपने पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ थी।

लगभग 10 दिन पहले नीरजा घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक आक्रामक आवारा कुत्ते ने उस पर अचानक हमला कर दिया और बुरी तरह काट लिया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे लेकर अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और रेबीज का इंजेक्शन लगाने के बाद उसे घर भेज दिया था।

इंजेक्शन के बाद भी नहीं बची जान

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। टीका लगवाने के बावजूद बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे दोबारा अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक सप्ताह के भीतर इस तरह की दो घटनाएं सामने आने से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन के लिए आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे पर लगाम लगाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

Related Articles

Back to top button