छत्तीसगढ़

Accident News : पथरिया में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आई बाइक, एक युवक की मौत और दो गंभीर

मुंगेली जिले के कर्मा माता चौक के पास मुख्य मार्ग पर हुई वारदात; घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

मुंगेली/पथरिया, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के पथरिया नगर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित कर्मा माता चौक के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद कर्मा माता चौक पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बिना देर किए घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पथरिया थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने राहगीरों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। पथरिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button