छत्तीसगढ़

Bastar Dussehra: मां दंतेश्वरी की डोली और राजछत्र जगदलपुर रवाना, दंतेवाड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब

Bastar Dussehra दंतेवाड़ा, 18 अक्टूबर 2026। विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए मां दंतेश्वरी की पावन डोली और राजछत्र रविवार को दंतेवाड़ा से जगदलपुर के लिए रवाना हुए। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां की डोली को भावभीनी विदाई दी गई। गाजे-बाजे, पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक नृत्य और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्म मावली परघाव में शामिल होने के लिए डोली और राजछत्र की इस यात्रा का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है।

मां दंतेश्वरी की विदाई के दौरान हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए और जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की। मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस बल ने सलामी देकर मां को सम्मान अर्पित किया। पारंपरिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच डोली और राजछत्र के रवाना होने से दंतेवाड़ा में उत्सव का माहौल रहा। बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट जनजातीय परंपराओं, धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें मां दंतेश्वरी की डोली की सहभागिता का विशेष स्थान है।

Related Articles

Back to top button