छत्तीसगढ़

Bilaspur Sports News: जो खेलेगा, वही खिलेगा… खेल प्रतिभाओं को तराशने और आगे बढ़ाने प्रतिबद्ध है सरकार : श्री अरुण साव

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

Bilaspur Sports News: बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और अवसर देने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में कहा कि प्रदेश में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें पहचानने, तराशने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने की है।

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अरुण साव ने कहा कि खेल मैदान में मेहनत, संघर्ष और निरंतर अभ्यास करने वाले खिलाड़ी ही सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि “जो खेलेगा, वही खिलेगा”। खेलो इंडिया के माध्यम से देशभर में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के साथ खेल अलंकरण को दोबारा शुरू करने और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की पहल की गई है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 अगस्त को खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के रूप में 1.74 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से खेल अधोसंरचना के साथ स्पोर्ट्स साइंस को भी मजबूत करने की योजना है।

3800 अंकों के साथ बिलासपुर संभाग अव्वल

चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने भाग लिया। बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने 3800 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर और छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में किया गया।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना भी जरूरी है और इसमें खेलों की अहम भूमिका है। वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल मैदान की प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करती है तथा उनके भविष्य को बेहतर बनाने में मदद करती है।

कार्यक्रम में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा, सहायक संचालक क्रीड़ा जी.डी. गर्ग, बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button