छत्तीसगढ़

Road Accident News: तेज रफ्तार एंबुलेंस मेडिकल स्टोर से टकराई, चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप

आधी रात मेडिकल कॉलेज रोड पर हुआ हादसा, दुकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त; पुलिस जांच के बाद साफ होगी घटना की पूरी तस्वीर

Road Accident News. रायगढ़, 6 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में देर रात तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मेडिकल स्टोर के पास जा भिड़ी। हादसा मेडिकल कॉलेज रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेडिकल स्टोर के बाहर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर मलबा बिखर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी राहगीर या आसपास मौजूद व्यक्ति की जान नहीं गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस काफी तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे लगे खंभे से एंबुलेंस टकरा गई। टक्कर के दौरान वाहन का एयरबैग भी खुल गया, जिससे चालक को गंभीर चोट से बचाव होने की बात सामने आई है।

चालक के नशे में होने का आरोप

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और मेडिकल स्टोर संचालक ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया। उनका दावा था कि चालक की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। हालांकि, शराब के सेवन की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना देर रात होने के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी। यही वजह रही कि बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय सड़क पर अधिक भीड़ या दुकान के बाहर लोग मौजूद होते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

इस घटना ने निजी एंबुलेंसों की फिटनेस, चालकों की योग्यता और उनकी नियमित स्वास्थ्य एवं नशे की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर आपातकालीन सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के चालकों से अतिरिक्त सतर्कता की अपेक्षा रहती है।

बताया गया है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने घटना की जानकारी चक्रधर नगर थाने को दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दुर्घटना किस वजह से हुई और चालक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है

Related Articles

Back to top button