बड़ा सड़क हादसा: बेकाबू होकर अचानक खाई में जा गिरी यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार, 2 की हालत गंभीर
बागबहार थाना क्षेत्र के सुरंगपानी के पास अनियंत्रित होकर पलटा वाहन; हड़कंप के बीच राहत और बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोग

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़े और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। मंगलवार को यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। बस के पलटते ही भीतर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार की स्थिति निर्मित हो गई। इस भीषण दुर्घटना में कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। यह पूरा हादसा जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह अनियंत्रित बस सुरंगपानी इलाके से यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई थी। अभी बस बागबहार क्षेत्र के पास पहुंची ही थी कि चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। ढलान और तीखे मोड़ पर बेकाबू हुई यह बस सीधे खाई में जा उतरी। गनीमत यह रही कि बस पूरी तरह नीचे नहीं पलटी, जिससे एक बड़ा टल गया, हालांकि शुरुआती सूचना के अनुसार फिलहाल किसी भी यात्री के हताहत (मौत) होने की खबर नहीं है, जो कि एक बड़ी राहत की बात है।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बस की खिड़कियां और दरवाजे खोलकर भीतर फंसे डरे-सहमे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही बागबहार थाना पुलिस की टीम भी एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंच चुकी है। सभी घायल मुसाफिरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल दो लोगों का डॉक्टरों की विशेष निगरानी में इलाज जारी है। पुलिस ने मलबे को हटाने और यातायात बहाल करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



