छत्तीसगढ़

सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी जनता की पुकार: छत्तीसगढ़ में आज से शुरू हो रही ‘CM हेल्पलाइन 1076’, साय सरकार करेगी समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान

महानदी भवन से सीएम विष्णु देव साय करेंगे इस महत्वाकांक्षी सेवा का आगाज; कॉल सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को खुद परखेंगे मुख्यमंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ की आम जनता और शासन के बीच की दूरी को पूरी तरह खत्म करने के लिए साय सरकार आज एक ऐतिहासिक और बेहद क्रांतिकारी कदम उठाने जा रही है। राज्य के नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं और शिकायतों के निवारण के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। जनता की आवाज को सीधे सत्ता के शीर्ष तक पहुंचाने के लिए आज (मंगलवार) से राज्य में महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076’ (CM Helpline 1076) सेवा का शंखनाद होने जा रहा है।

इस नई और आधुनिक व्यवस्था का भव्य शुभारंभ खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान करेंगे। इस सेवा के शुरू होते ही प्रदेश का कोई भी नागरिक घर बैठे केवल एक फोन कॉल के जरिए अपनी शिकायतें सीधे राज्य सरकार के पास दर्ज करा सकेगा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का औपचारिक उद्घाटन करने के तुरंत बाद सीएम साय इसके लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हाई-टेक हेल्पलाइन कॉल सेंटर का भी बारीकी से निरीक्षण करेंगे, ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की चूक न रहे।

इस हेल्पलाइन के पीछे सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, जवाबदेही और तेजी लाना है। कॉल सेंटर में आने वाली हर एक शिकायत को सीधे संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को फॉरवर्ड किया जाएगा और उसकी तब तक मॉनिटरिंग होगी, जब तक पीड़ित नागरिक को उचित न्याय या समाधान नहीं मिल जाता। मुख्यमंत्री साय स्वयं समय-समय पर इस हेल्पलाइन पर आने वाले मामलों और उनके निराकरण की रिपोर्ट की समीक्षा करेंगे। सरकार की इस अनूठी पहल से पूरे प्रदेश के प्रशासनिक अमले में हड़कंप है और इसे सुशासन (Good Governance) की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

Advertisement

Related Articles

Back to top button