छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Medical Expansion: छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, एक साथ मिले 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेज, 250 MBBS सीटों की बढ़ोतरी

गीदम, कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में खुलेंगे नए कॉलेज; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम मोदी और जे.पी. नड्डा का जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे (अधोसंरचना) को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कामयाबी मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य में 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। ये नए मेडिकल कॉलेज गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा एवं कबीरधाम (कवर्धा) में खोले जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होने वाले इन कॉलेजों में प्रति संस्थान 50-50 एमबीबीएस (MBBS) सीटों की स्वीकृति मिली है, जिससे प्रदेश में एक साथ कुल 250 नई सीटों का विस्तार होगा।

गीदम से लेकर कुनकुरी तक, वनांचल के युवाओं को मिलेगी नई उड़ान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे गीदम (दंतेवाड़ा) से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के सुदूर आदिवासी वनांचल कुनकुरी (जशपुर) तक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार विकास के अवसरों को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुँचा रही है। इस पहल से स्थानीय युवाओं को डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की बढ़ेगी उपलब्धता, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

मुख्यमंत्री साय ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ये नए संस्थान केवल शैक्षणिक केंद्र नहीं होंगे, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्त हब बनेंगे। इससे ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होगी, स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार आएगा और स्थानीय नागरिकों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button