विवाहिता की संदिग्ध मौत: मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
सरगुजा के मैनपाट में सनसनी, कमलेश्वरपुर थाना पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी

सरगुजा: सरगुजा जिले के मैनपाट (कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र) में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतिका की रहस्यमयी मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
परिजनों का सीधा आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे कम दहेज लाने के ताने दे रहे थे और लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर ससुराल पक्ष से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



