CG Job Alert: छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग में नौकरियों की बहार, 700 सहायक प्राध्यापकों के पदों पर जल्द होगी सीधी भर्ती
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश; कॉलेजों में दूर होगी प्रोफेसर्स की कमी, साय सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा

रायपुर, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी और खुशखबरी सामने आई है। राज्य के सरकारी कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने और प्रोफेसर्स की कमी को दूर करने के उद्देश्य से साय सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के कॉलेजों में 700 सहायक प्राध्यापकों (Assistant Professors) के रिक्त पदों पर शीघ्र ही सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इस निर्णय के बाद राज्य के नेट (NET), सेट (SET) और पीएचडी (Ph.D.) उत्तीर्ण योग्य युवाओं में उत्साह की लहर है। उच्च शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भर्ती के लिए आवश्यक सभी प्रशासनिक तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं और भर्ती का प्रस्ताव जल्द से जल्द छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को भेजा जाए, ताकि बिना किसी देरी के विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जा सकें।
शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और रोजगार पर फोकस
समीक्षा बैठक के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि, “हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने और कॉलेजों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने साफ किया कि रिक्त पदों को भरने से न केवल कॉलेजों की व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि छात्रों को भी सभी विषयों के लिए योग्य मार्गदर्शक मिल सकेंगे।
भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विभाग के आला अधिकारियों को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही, विभाग के अन्य लंबित प्रशासनिक मामलों और पदोन्नति (Promotion) की फाइलों को भी तेजी से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उच्च शिक्षा विभाग को एक नई गति और कलेवर दिया जा सके।



